24 Dec 2009

मिदन कुमार कर्ण, बाबूबरही (मधुबनी) : तेघरा गांव में जेबरलाल दास और राजेश्र्वरी देवी के घर चार फरवरी, 1963 को जब गजेंद्र पैदा हुए तो सोहर की धुन पर समूचा गांव नाच उठा था। पर, खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई। तीन साल की उम्र में ही गजेंद्र पोलियो के शिकार हुए और दोनों पैरों से विकलांग हो गए। फिर वह बालक उपहास व उपेक्षा का पात्र बन गया। अब यही बालक डा. गजेन्द्र नारायण कर्ण के नाम से देश के कोने-कोने में जाना जाता है। गांव-घर के लोग फूले नहीं समाते। डा. गजेन्द्र भारत सरकार की 11वीं पंचवर्षीय योजना में विकलांगों के सशक्तीकरण के लिए गठित 94 सदस्यीय कार्यदल के अध्यक्ष हैं। इसी कार्यदल की अनुशंसा पर केंद्र सरकार ने विकलांगों के राष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों को बाधा मुक्त बनाने तथा प्राइवेट सेक्टर में एक लाख विकलांगों के लिए रोजगार सृजन का भी सरकार ने निर्णय लिया है। भारत में विकलांगता अध्ययन : मुद्दे और चुनौतियों विषयक अपने शोध में इन्होंने विकलांगता अध्ययन को एक अलग शैक्षणिक विषय के रूप में विकसित करने की वकालत की है। यही नहीं सोसाइटी फार डिसैबलिटी एंड रिहैबलिएशन स्टडीज के अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति डा. कलाम तथा पत्रकार कुलदीप नैयर की मदद से इन्होंने केंद्रीय मानव संसाधन विकास विभाग द्वारा विकलांगता अध्ययन को वर्ष 2005 में एक अलग विषय के रूप में मान्यता दिलाई। इनकी पहल पर केंद्रीय विवि में विकलांगता अध्ययन में राजीव गांधी पीठ की स्थापना को मंजूरी मिल चुकी है। वहीं इग्नू, टाटा सामाजिक विज्ञान संस्थान मुंबई, अम्बेदकर विवि नई दिल्ली, पेरियार विवि आंध्रप्रदेश और गुवाहाटी विवि में शोध को बढ़ावा देने के लिए विकलांगता विषयक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। डा. कर्ण राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तथा समाज कल्याण विषय पर 11वीं पंचवर्षीय योजना की मध्यावधि समीक्षा के लिए गठित परामर्शी समिति के सदस्य भी बनाये गए हैं। जेएनयू में विकलांगता अध्ययन के विशेषज्ञ के रूप में लगातार शोध करते रहे डा. कर्ण को अपनी माटी से गहरा लगाव है। गांव आने पर हर दरवाजे पर दस्तक देकर लोगों का हालचाल जानते हैं। इनका इरादा है बाबूबरही प्रखंड को विकलांगों के लिए माडल बनाना।

22 Dec 2009

आंखों में रोशनी नहीं, पढ़ा रहे गणितविभा रानी, सीतामढ़ी : कल्पना कीजिए, आपके सामने बैठा एक अंधा इंसान भौतिकी और गणित के जटिल सवालों का धड़ाधड़ दे रहा हो जवाब। आपके हाथ में हो किसी नामचीन भौतिकी वैज्ञानिक की किताब और किसी भी अध्याय के बारे में पूछने पर पृष्ठ संख्या सहित बता दे जवाब, तो है न हैरत वाली बात? सीतामढ़ी जिले में एक ऐसे ही शिक्षक हैं- केसी चौधरी। चौधरी डुमरा स्थित इंटरस्तरीय स्कूल में भौतिकी पढ़ाते हैं। कृष्णानगर डुमरा के रहने वाले हैं। शिक्षा के प्रति पूरी तरह समर्पित। विकलांगों के लिए स्कूल खोलने का सपना भी देख रहे हैं। वह बच्चों को इस तरह पढ़ाते हैं जैसे साक्षात सरस्वती अवतरित हो गई हों। अनुभव इतना गहरा कि पूरा पाठयक्रम याद है। पहले दिन स्कूल आने वाले बच्चों के बीच श्री चौधरी आश्चर्य का कारण बनते रहे हैं, पर आगे चलकर बच्चे इन पर लट्टू हो जाते हैं। गणित और भौतिकी के फार्मूले जुबान पर रहते हैं। चौधरी मूल रूप से पुपरी प्रखंड केभिट्ठा धर्मपुर गांव के रहने वाले हैं। इनके पिता स्व. रामनंदन चौधरी भी शिक्षक थे। एक भाई रामचंद्र चौधरी पुपरी में हाईस्कूल के शिक्षक हैं। 26 सितंबर 1959 को पैदा हुए चौधरी ने मैट्रिक पुपरी के एलएम हाईस्कूल से किया। इंटर व स्नातक श्री राधा कृष्ण गोयनका कालेज से तथा एमएससी फिजिक्स बिहार यूनिवर्सिटी से की। स्नातक की पढ़ाई के दौरान ही उनके आंखों में परेशानी होने लगी। किताबों के बीच ज्यादा ध्यान लगाने से आंखों की रोशनी चली गई। काफी इलाज कराया। एम्स तक गए लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आंखों में ग्लुकोमा नामक रोग हो गया और वह अंधी जिंदगी जीने को मजबूर हो गए। वर्ष 1984 से अंधेरी जिंदगी जी रहे हैं। इसके बाद ब्रेल लिपि की ओर कदम बढ़ाया। एक साल के प्रशिक्षण के लिए नेशनल इंस्टीच्यूट फार विजन देहरादून गए। इसी दौरान अप्रैल 1989 में उन्हें सीतामढ़ी इंटर स्कूल डुमरा में नियुक्ति के लिए बुलावा आया। उन्होंने प्रशिक्षण छोड़कर नौकरी कर ली। बीस वर्षो से वह इसी स्कूल में नियमित रूप से कार्यरत हैं। पत्‍‌नी कुशल गृहिणी हैं। एक पुत्र निशांत देहरादून में कानून की पढ़ाई कर रहा है। वहीं पुत्री सुगंधा बीएससी की पढ़ाई कर रही है। घर में ब्रेल लिपि के उपकरण भी हैं। रेडियो सुनने की आदत है। शिक्षा ज्ञान के लिए आडियो-सीडी भी सुनते हैं। ब्रेल लिपि के मैग्जीन उनके पास आते रहते हैं। हां, अखबार में छपी खबरों को जानने के लिए दूसरों की मदद जरूर लेते हैं। एक रिक्शाचालक उन्हें रोजाना घर से स्कूल पहुंचाता-लाता है। वर्ष 1998 में उन्होंने विकलांग विकास संस्थान की स्थापना की। इसके बाद बिहार शिक्षा परियोजना की मदद से विकलांगों को शिक्षित करने की मुहिम में जुट गये। शुरुआती दिनों में तो सबकुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में मदद नहीं मिलने से मुहिम प्रभावित हो गया। वे चाहते हैं कि कोई जमीन दान करें ताकि अंधों के लिए स्कूल खोल सकें। इसके लिए वे राघोपुर व राजधानी पटना में सीएम के जनता दरबार में कई बार गुहार लगा चुके हैं। उनकी मानें तो जिले में फिलहाल 400 से अधिक नेत्रहीन बच्चे हैं। इनकी पहल पर मंत्री देवेश चंद ठाकुर व पूर्व मंत्री डा. रामचंद्र पूर्वे करीब सौ नेत्रहीन बच्चों को रेडियो सेट उपलब्ध करा चुके हैं। यही नहीं डा. पूर्वे की पहल पर ही इनके संगठन का निबंधन भी हुआ। आंखों में रोशनी..
केएसडीएस में वार्षिकोत्सव क्विज प्रतियोगिता आयोजितमुजफ्फरपुर, निप्र : कात्यायनी सिलिकान डाटा सिस्टम प्रा. लि. (केएसडीएस) की ओर से तृतीय वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन एक स्थानीय होटल में किया गया। समारोह का उद्घाटन कंपनी के वाणिज्य पदाधिकारी सुजीत कुमार ने दीप प्रज्जवलित कर किया। उन्होंने कहा कि आज कंप्यूटर हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने 2010 से संभावित वस्तु व सेवाकर (जीएसटी) के अतिरिक्त वैट आनलाइन फाइलिंग से संबंधित जानकारी दी। इस मौके पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता के विजेता को गिफ्ट हैम्पर दिया गया व लक्की ड्रा के विजेता राजीव मेडिकल मुजफ्फरपुर को प्रथम पुरस्कार के रूप में टीएफटी मानीटर, कमला इंटरप्राइजेज दलसिंहसराय द्वितीय को डीवीडी प्लेयर व मेट्रोज मेडिकल तृतीय को नोकिया मोबाइल प्रदान किया गया। साथ ही पांच को सांत्वना पुरस्कार की घोषणा की गई जो अगले कार्यक्रम में दिया जाएगा। अंत में बिहार आइडियल के विपिन कुमार समेत कई कलाकारों ने गीत प्रस्तुत किये। समारोह में राजकीय पालिटेक्निक के प्राचार्य अंजनी कुमार मिश्रा व बीआरए बिहार विवि के अजय कुमार सिंह, विश्वनाथ प्रसाद व केके चौधरी, काजल, आंचल, पायल, आरूषि उपस्थित थे। अध्यक्षता बिहार संस्कार भारती संगठन मंत्री गणेश प्र. सिंह ने की जबकि संचालन मनीष कुमार ने किया।

22 Apr 2009

Dainik Jagran News

जरूरी है सुधार
भारत एक लोकतांत्रिक राष्ट्र है। जनता अपने मनपसंद उम्मीदवार को वोट कर उसे जिम्मेवार पद उपलब्ध कराती है ताकि राष्ट्र का संचालन उनकी सोच के मुताबिक चले। जनता अपने नेता को देश एवं समाज सेवा के लिए चुनती है परन्तु दलगत राजनीति में जनप्रतिनिधियों का एक बहुत बड़ा हिस्सा विपक्ष में बैठने पर मजबूर होता है। हालांकि जनता जब वोट करती है तो उसकी यह सोच होती है कि उसका प्रतिनिधि सरकार में भागीदारी निभाये, जो शतप्रतिशत संभल नहीं हो पाता है। फिर तो ऐसी जनता क्या ठगी नहीं जाती है? जिस तरह किसी संस्थान को चलाने के लिए सभी कर्मचारी-पदाधिकारी मिलकर कार्य करते हैं उसी तरह किसी संसद एवं विधानसभा के सभी सदस्यों को सरकार हित में एकमत होकर सोचना चाहिए? सरकार चाहे देश की हो या राज्य की सबसे पहले विपक्ष की भूमिका को खत्म कर देनी चाहिए। ताकि एक पक्ष, एक विचार और एक लड़ाई हो सके और एक सोच बनाकर विजय प्राप्त किया जा सके। जबकि पक्ष एवं विपक्ष की भूमिका में हमारे प्रतिनिधि देशहित एवं जनहित के बारे में न सोचकर सिर्फ निजी एवं पार्टी हित की चिंता में लगे रहते हैं जिससे देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था को चोट पहुंचती है। विपक्ष, पक्ष के पांव खींचने में लगी रहती है और आतंकवाद, परमाणु डील या फिर महिलाओं का आरक्षण इत्यादि जैसे मुद्दों पर संसद में चर्चा नहीं हो पाती है एवं संबंधित बिल खटाई में चले जाते हैं। यह बहुत ही संवेदनशील विषय है कि एक चुनाव में देश का अरबों रुपये खर्च हो जाता है मगर ये अरबों रुपये तब मिट्टी में मिल जाते हैं जब सरकार से कोई पार्टी अपने स्वार्थ के कारण समर्थन वापस ले लेती है और सरकार गिर जाती है। जरा सोचिए ऐसे में ठगा कौन गया? केवल जनता।
संजीव कुमार, ब्रह्मपुरा, मुजफ्फरपुर

21 Jan 2009

डीआईजी से मिले विवि शिक्षक
मुजफ्फरपुर, कार्यालय संवाददाता : तिरहुत क्षेत्र के डीआईजी अरविन्द पांडेय से मंगलवार को भौतिकी विभागाध्यक्ष डा. एसएन तिवारी के साथ शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल मिला। इसमें विधान पार्षद नरेंद्र प्रसाद सिंह, इतिहास विभागाध्यक्ष डा. पद्माशा झा, संस्कृत विभागाध्यक्ष सतीश चन्द्र झा, डा. वीरेन्द्र कुमार सिंह, डा. युगल किशोर सिंह, डा. नलिन विलोचन, डा. ममता रानी आदि शामिल थे। डा. तिवारी ने मामले की निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई के लिए डीआईजी का आभार प्रकट किया। इस क्रम में डीआईजी ने डा. तिवारी से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली। डा. तिवारी ने डीआईजी को बताया कि उन्होंने जिस चेक से राशि निकाली थी वह चेक उन्हें पूर्व विभागाध्यक्ष ने दिया था। साथ ही खर्च की गयी राशि का वाउचर भी उन्होंने छात्रावास की संचिका में लगा दिया था।
विश्वभारती में सलाना खेल-कूद प्रतियोगिता संपन्न
Sunday 18th of January 2009


मुजफ्फरपुर (कावेरी ब्यूरो) , 18 जनवरी। खेलों से हमारे बीच आपसी सहयोग की भावना पनपती है। खेलों का महत्व इतना है कि यह जाति, धर्म सभी की सीमाओं को तोड़कर भाईचारा व सद्भाव का संदेश देता है। ये बातें संस्कार भारती के उत्तर बिहार प्रांतीय संगठन मंत्री व भगवानपुर स्थित विश्वभारती उच्च विद्यालय के निदेशक गणेश प्रसाद सिंह ने विद्यालय के सलाना खेल-कूद प्रतियोगिता समापन समारोह में बच्चों को संबोधित करते हुए कही। दो दिवसीय इस खेल-कूद प्रतियोगिता का उदघाटन गत 17 जनवरी को श्री सिंह ने ही किया था। उन्होंने आगे कहा कि विवेकानंद ने भी खेल को धर्म से ऊपर बताया था। प्राचार्य सुनील कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में सफल छात्रों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 5वीं से 9वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। दौड़, धीमी साइकिल रेस, कबड्डी सहित खेलों की कई श्रेणियां थी। 200 मीटर दौड़ में जयन्ती कुमारी, रविनंदन कुमार, आयुष कुमार। कबड्डी में-सनोज कुमार, कयल कुमार, विप्रा रानी। आई.क्यू. टेस्ट में-जयन्ती कुमारी, गौरव कुमार राघव नमन। सुई धागा प्रतियोगिता में-रूपा कुमारी, माधवी, सुजाता तथा चम्मच-गोली में-अंकिता, देवेन्द्र, कविता, पूजा कुमारी, नेहा तथा चेतन ने बाजी मारी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं नवल किशोर मिश्र, रणजीत कुमार, प्रेमांशु कुमार, प्रभात किरण, राजीव कुमार, सुजाता, श्रुति, निराला, वीरेन्द्र आदि भी उपस्थित थे।